Samachar Post डेस्क,पटना : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता और मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला। उन्होंने चुनाव प्रचार के तरीके पर सवाल उठाते हुए प्रशांत किशोर को “राजनीति के छुरछुरी वाले पटाखा” करार दिया।
यह भी पढ़ें : मंईयां सम्मान योजना की दूसरी किस्त जारी, रांची की 20,531 महिलाओं के खातों में पहुंचे ₹7,500
चुनाव प्रचार के तरीके पर उठाए सवाल
नीरज कुमार ने कहा कि चुनाव में जनता का समर्थन पाने के लिए लोगों के बीच जाना जरूरी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव चिह्न चाहे बैंगन हो, टमाटर हो या टेबल-कुर्सी, वोट तो मतदाताओं से ही मांगे जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर जैविक उद्यान जाकर जनसमर्थन मांग रहे हैं। इस पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि वोटर घरों में रहते हैं, इसलिए घर-घर जाकर प्रचार करना चाहिए, न कि पार्क या चिड़ियाघर में। जेडीयू नेता ने आगे कहा कि रविवार के दिन लोग मॉर्निंग वॉक और अपने निजी कार्यों में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में चुनाव प्रचार का प्रभावी तरीका यही है कि उम्मीदवार सीधे मतदाताओं से संपर्क करें और उनकी समस्याएं सुनें।

30 जुलाई को होगा मतदान
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई निर्धारित की गई है।
उम्मीदवार बदलने पर भी रही चर्चा
एनडीए की ओर से इस सीट पर नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया गया है। इससे पहले भाजपा ने अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटू को टिकट दिया था। उन्होंने 9 जुलाई को नामांकन दाखिल किया, लेकिन पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अगले ही दिन अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार घोषित किया। उधर, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी स्वयं चुनाव मैदान में हैं, जबकि महागठबंधन की ओर से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। उपचुनाव को लेकर सभी प्रमुख दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है।






















