Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह : जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र के सलैया गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे मलबे में दबकर मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, निर्माण कार्य में लगे एक राजमिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान सुनीता देवी और उनके पुत्र राजकुमार यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों अपने निर्माणाधीन मकान का काम देख रहे थे। इसी दौरान वे छज्जे के पास खड़े होकर निर्माण कार्य कर रहे राजमिस्त्री प्रदीप यादव को आवश्यक निर्देश दे रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही राजमिस्त्री छज्जे पर चढ़कर काम शुरू करने लगा, अचानक छज्जा तेज आवाज के साथ नीचे गिर पड़ा। भारी मलबा सीधे मां-बेटे पर आ गिरा, जबकि राजमिस्त्री भी छज्जे के साथ नीचे गिरकर घायल हो गया।
यह भी पढ़ें : रांची में ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत यूथ कांग्रेस की मैराथन, शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक पर उठाए सवाल
ग्रामीणों ने चलाया राहत और बचाव अभियान
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक सुनीता देवी और राजकुमार यादव की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घायल राजमिस्त्री प्रदीप यादव को तत्काल इलाज के लिए जमुआ स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, उसके हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। एक्स-रे और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद उसकी स्थिति का सही आकलन किया जाएगा।

पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर हीरोडीह थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि निर्माणाधीन छज्जा तकनीकी खामी या पर्याप्त मजबूती नहीं होने के कारण ढह गया। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। इस दर्दनाक हादसे के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है। उनका कहना है कि लापरवाही और तकनीकी त्रुटियों के कारण इस तरह की घटनाएं दोबारा नहीं होनी चाहिए।

Reporter | Samachar Post

