रांची में आज पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा, 11 परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में BNSS की धारा-163 लागू

Meenu | July 11, 2026 | 04:28 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड पॉलीटेक्निक प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त कराने के लिए रांची जिला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। 12 जुलाई को होने वाली परीक्षा के मद्देनजर राजधानी के 11 परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा-163 लागू कर दी गई है। सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने या अनावश्यक भीड़ जुटाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के आदेश के अनुसार यह निषेधाज्ञा 12 जुलाई सुबह 7:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक प्रभावी रहेगी। हालांकि परीक्षा का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक निर्धारित है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रतिबंध पूरे दिन लागू रहेंगे।

यह भी पढ़ें : DC ने घर-घर जाकर परखी मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रगति, कपाली में SIR-2026 अभियान का किया निरीक्षण

जानिए क्या-क्या रहेंगी पाबंदियां

धारा-163 लागू रहने के दौरान परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी। सरकारी ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को इससे छूट मिलेगी। किसी भी प्रकार के हथियार, लाठी-डंडा, तीर-धनुष, भाला या अन्य अस्त्र-शस्त्र लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा लाउडस्पीकर, माइक या अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर भी प्रतिबंध रहेगा। किसी भी प्रकार की सभा, प्रदर्शन या सार्वजनिक बैठक आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी।

इन 11 परीक्षा केंद्रों पर रहेगी विशेष निगरानी

जिला प्रशासन ने जिन परीक्षा केंद्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है, उनमें विवेकानंद विद्या मंदिर (धुर्वा), सरस्वती शिशु विद्या मंदिर (धुर्वा), मनन विद्या (बूटी रोड), सेंट एनीज कॉलेज एवं स्कूल (पुरुलिया रोड), सेंट जॉन्स हाई स्कूल, सेंट पॉल कॉलेज एवं स्कूल (चर्च रोड), छोटानागपुर पब्लिक स्कूल, सेंट मार्गरेट गर्ल्स हाई स्कूल और उर्सुलिन इंटर कॉलेज सहित कुल 11 केंद्र शामिल हैं। सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है।

परीक्षार्थियों और अभिभावकों से अपील

प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। वहीं अभिभावकों से भी परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने का अनुरोध किया गया है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

Share this news

संबंधित खबरें