Samachar Post रिपोर्टर,गुमला : गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश एक परिवार के लिए आफत बन गई। बसाईर टोली में देर रात एक मिट्टी का घर अचानक ढह गया, जिससे घर में सो रहे दंपति और उनका पांच वर्षीय बेटा मलबे में दबकर घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल मासूम को बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, चैनपुर प्रखंड के बसाईर टोली निवासी प्रसतन रौतिया का मिट्टी का घर शनिवार देर रात करीब एक बजे लगातार बारिश के बीच भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। घर गिरने से 55 वर्षीय प्रसतन रौतिया, उनकी 50 वर्षीय पत्नी टेनी देवी और पांच वर्षीय पुत्र रितिक सिंह मलबे में दब गए।
यह भी पढ़ें : गुमला में शराब के नशे में बेटे ने पिता पर कुदाल से किया हमला, इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत
ग्रामीणों ने चलाया राहत अभियान
घर गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना में रितिक सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि उसके माता-पिता को भी चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर बेंदोरा पंचायत के मुखिया सुशील दीपक मिंज मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को तत्काल ₹1000 की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।

जर्जर मकानों को लेकर बढ़ी चिंता
घटना के बाद क्षेत्र में कच्चे और जर्जर मकानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा, राहत सामग्री और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही लगातार हो रही बारिश के बीच लोगों से जर्जर मकानों में नहीं रहने और पूरी सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

Reporter | Samachar Post

