Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : हजारीबाग शहर के एक निजी नर्सिंग होम में ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत होने से शनिवार देर रात हंगामे की स्थिति बन गई। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : लोहरदगा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, होटल-रेस्टोरेंट में छापेमारी; एक्सपायरी खाद्य पदार्थ नष्ट
यूटरस ऑपरेशन के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, पदमा थाना क्षेत्र की रहने वाली सुशीला देवी को बच्चेदानी (यूटरस) के ऑपरेशन के लिए शहर के जीवन ज्योति नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

मौत के बाद नर्सिंग होम में हंगामा
महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में नर्सिंग होम पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल परिसर में विरोध-प्रदर्शन किया और अस्पताल के शटर एवं ताला तोड़ने का भी प्रयास किया। सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
मृतका के पति किशोरी भुइयां, परिजन उर्मिला देवी और सुरजपुरा पंचायत के मुखिया सीताराम मेहता ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में लिखित शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Reporter | Samachar Post

