मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

बेटे को लेने ससुराल गई नेहा की हत्या, मदद करने गए अरुण को भी नहीं बख्शा; खूंटी में डबल मर्डर से सनसनी

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, खूंटी : खूंटी जिले के बारुडीह पंचायत स्थित तजना नदी पुल के नीचे दो युवाओं के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के चट्टी बड़गाईं गांव निवासी 25 वर्षीय नेहा और 21 वर्षीय अरुण राणा के रूप में हुई है। परिजनों ने नेहा के पति कुंदन प्रामाणिक और उसके सहयोगियों पर अपहरण कर दोनों की हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले में नेहा के पिता भोला ठाकुर और अरुण के पिता प्रकाश राम उस्ताद के बयान पर खूंटी थाना में कुंदन प्रामाणिक समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण और हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई एक स्कॉर्पियो वाहन को बुंडू क्षेत्र से बरामद कर लिया है और मामले की जांच तेज कर दी है।

बेटे को शादी में लाने गई थी नेहा

परिजनों के अनुसार, नेहा की छोटी बहन की शादी होने वाली थी। इसी सिलसिले में वह गुरुवार शाम अपने पांच वर्षीय बेटे को शादी में शामिल कराने के लिए पड़ोसी अरुण राणा के साथ बाइक से गुमला जिले के करंज थाना क्षेत्र स्थित अपने ससुराल डोरिया गांव गई थी। आरोप है कि वहां पति कुंदन प्रामाणिक ने बच्चे को भेजने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ। नेहा ने करंज थाना पहुंचकर पुलिस से मदद भी मांगी, लेकिन तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हुई।

बाइक को टक्कर मारकर किया अपहरण

परिजनों का आरोप है कि लौटने के दौरान कुंदन प्रामाणिक अपने तीन-चार साथियों के साथ स्कॉर्पियो से पहुंचा और उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद नेहा और अरुण को जबरन वाहन में बैठाकर अगवा कर लिया गया। परिवार का आरोप है कि दोनों को खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा गांव के पास तजना नदी पुल के निकट ले जाया गया, जहां उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया और बाद में पत्थर से सिर कुचलकर उनकी हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह तजना नदी पुल के नीचे दो शव मिलने की सूचना पर पुलिस, एफएसएल टीम और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से मिले एक शादी के कार्ड के आधार पर मृतकों की पहचान हुई, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच के लिए जुटाया है।

दहेज प्रताड़ना और दूसरी शादी के आरोप

नेहा के पिता भोला ठाकुर का आरोप है कि छह वर्ष पहले हुई शादी के बाद से उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। इस संबंध में पहले भी मामला दर्ज कराया गया था। पति से विवाद के चलते नेहा पिछले तीन वर्षों से अपने मायके में रह रही थी। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि कुंदन प्रामाणिक का दूसरी महिला से संबंध था और उसने संभवतः दूसरी शादी भी कर ली थी। उनका दावा है कि इसी कारण वह नेहा से छुटकारा पाना चाहता था। वहीं अरुण राणा के पिता प्रकाश राम उस्ताद ने कहा कि उनका बेटा केवल पड़ोसी होने के नाते नेहा की मदद करने गया था, लेकिन उसे भी अपनी जान गंवानी पड़ी।

यह भी पढ़ें: हजारीबाग में हाथियों का हमला: शौच के लिए निकले ग्रामीण को कुचलकर मार डाला, गांव में दहशत

स्कॉर्पियो बरामद, आरोपियों की तलाश जारी

एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन बरामद कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद उस परिवार में मातम पसरा है, जहां कुछ ही दिनों बाद बेटी की शादी होने वाली थी।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment