पलामू पुलिस ने 27 नाबालिगों को कराया मुक्त, बिहार भेजने की थी तैयारी

Rupa Kumari | July 11, 2026 | 11:35 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : बाल तस्करी और बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पलामू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पड़वा और नावाबाजार थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए कुल 27 नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन बच्चों को मजदूरी के लिए बिहार भेजने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस के अनुसार, रेस्क्यू किए गए सभी नाबालिग लातेहार जिले के मनिका क्षेत्र के रहने वाले हैं। मामले में बिहार के कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मानव तस्करी और बाल श्रम से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है तथा कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नाबालिग बच्चों को दूसरे राज्य में काम कराने के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पड़वा और नावाबाजार थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई। पड़वा थाना प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि उनके क्षेत्र से 14 नाबालिगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। वहीं नावाबाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव ने बताया कि उनके क्षेत्र से 13 नाबालिगों को मुक्त कराया गया।

लड़कियों को सखी सेंटर, लड़कों को बाल गृह भेजा गया

रेस्क्यू के बाद नाबालिग लड़कियों को सखी वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है, जबकि लड़कों को बाल गृह में रखा गया है। प्रशासन की ओर से सभी बच्चों की काउंसलिंग और आवश्यक देखभाल की व्यवस्था की जा रही है। बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य रवि शंकर ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद समिति ने कार्रवाई शुरू कर दी है और बच्चों के हितों को ध्यान में रखते हुए आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

यह भी पढ़ें: गिरिडीह के बाल्हेडीह जंगल में अवैध पत्थर खनन पर छापा, करोड़ों की मशीनें जब्त

धान रोपाई के लिए सासाराम ले जाने की आशंका

पुलिस और प्रशासनिक जांच में शुरुआती तौर पर यह जानकारी सामने आई है कि सभी नाबालिगों को बिहार के सासाराम क्षेत्र में धान रोपाई के काम के लिए ले जाया जा रहा था। मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और क्या कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है। पुलिस का कहना है कि बाल तस्करी और बाल श्रम के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें