Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : झारखंड सरकार ने राशन कार्डधारकों की जातीय जानकारी को डिजिटल रूप से अपडेट करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इस पहल के तहत हजारीबाग जिले के करीब 4.80 लाख राशन कार्डधारकों और लगभग 17.80 लाख लाभुकों का जातीय विवरण डिजिटल रिकॉर्ड में जोड़ा जाएगा। यह कार्य जिले की सभी जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकानों पर ई-पॉस मशीन और मोबाइल ऐप के माध्यम से किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : SIR अभियान की धीमी रफ्तार पर कांग्रेस ने जताई चिंता, मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए 15 दिन अतिरिक्त समय की मांग
पीडीएस दुकानों पर दर्ज होगी जानकारी
जिले में 1,050 से अधिक जन वितरण प्रणाली दुकानें संचालित हैं, जहां राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) और राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत हर महीने लाखों लोगों को राशन मिलता है। अब इन्हीं दुकानों पर लाभुकों की जाति संबंधी जानकारी भी डिजिटल रूप से दर्ज की जाएगी। जिला आपूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी लाभुक के पास फिलहाल जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं है, तब भी उसका राशन किसी भी स्थिति में बंद नहीं किया जाएगा। पहले लाभुक का विवरण दर्ज किया जाएगा और बाद में दस्तावेज उपलब्ध होने पर रिकॉर्ड अपडेट किया जा सकेगा।

सरकारी योजनाओं की बेहतर मॉनिटरिंग में मिलेगी मदद
अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य विभिन्न सामाजिक वर्गों का सटीक डिजिटल डाटा तैयार करना है। इससे भविष्य में सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की बेहतर योजना बनाने, बजट आवंटन और पात्र लाभुकों की सही पहचान सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
लाभुकों से विभाग की अपील
जिला आपूर्ति विभाग ने सभी राशन कार्डधारकों से अपील की है कि वे अपनी नजदीकी पीडीएस दुकान पर जाकर समय पर अपनी जाति संबंधी जानकारी उपलब्ध कराएं। जिन लाभुकों के पास जाति प्रमाण पत्र है, वे उसका विवरण भी दर्ज कराएं, ताकि सरकारी रिकॉर्ड पूरी तरह अद्यतन हो सके।

Reporter | Samachar Post

