Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला : झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में सरायकेला-खरसावां जिला समिति का पुनर्गठन और विस्तार किया है। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम कुमार महतो की मंजूरी के बाद नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा की गई, जिसमें दीपक महतो को एक बार फिर जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी नेतृत्व ने इस निर्णय को उनकी सक्रिय भूमिका, संगठन के प्रति समर्पण और नेतृत्व क्षमता पर भरोसे का प्रतीक बताया है।
यह भी पढ़ें : पलामू में माइंस ब्लास्टिंग से दहला बोहिता गांव, घरों-खेतों में गिरे बड़े-बड़े पत्थर
गठन काल से संगठन की जिम्मेदारी निभा रहे हैं दीपक महतो
पार्टी के गठन के समय भी दीपक महतो को जिला अध्यक्ष बनाया गया था। भाषा-खतियान आंदोलन के दौरान उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाते हुए संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया। इसके बाद उन्होंने गांव-गांव संगठन का विस्तार किया, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ा और ब्लॉक व पंचायत स्तर पर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने में अहम योगदान दिया। स्थानीय जनसमस्याओं को लगातार उठाने के कारण वे पार्टी के सक्रिय नेताओं में गिने जाते हैं।
किसान परिवार से निकलकर बनाई अलग पहचान
दीपक महतो सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां विधानसभा क्षेत्र के रगामांटीया गांव के निवासी हैं। वे एक साधारण किसान परिवार से आते हैं और आज भी कृषि कार्य से जुड़े हुए हैं। मेहनत, सादगी और संगठन के प्रति समर्पण के बल पर उन्होंने कार्यकर्ताओं के बीच एक जमीनी और लोकप्रिय नेता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। किसानों, युवाओं, मजदूरों और स्थानीय मुद्दों को लेकर वे लंबे समय से सक्रिय रहे हैं।

नई जिला कार्यकारिणी में कई पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
नई जिला कार्यकारिणी में आदित्य कुमार को नगर अध्यक्ष, रोहित कुमार प्रधान को कोषाध्यक्ष तथा रूपेश वर्मा, विष्णुपद महतो, कृष्ण कुम्हार, कमलेश महतो और सरोज कुमार महतो को महासचिव बनाया गया है। वहीं हेमंत कुमार महतो, प्राणेश्वर प्रसाद, भरत महतो, विश्वनाथ कुमार, प्रेम चंद महतो, पूर्ण शशि महतो, पारसनाथ महतो, नरेन्द्र प्रसाद, राजीव कुमार और अर्जुन महतो को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। माधव महतो को जिला प्रवक्ता तथा राजेश कुमार, प्रकाश कुमार महतो और गोपाल महतो को जिला मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और जिला कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का लक्ष्य
पार्टी नेतृत्व ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन की नीति और सिद्धांतों के प्रति निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया है। साथ ही युवाओं, महिलाओं और किसानों को संगठन से जोड़ने, बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करने तथा झारखंडी अस्मिता, भाषा-खतियान, स्थानीय अधिकार और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष को और मजबूत करने की बात कही है। नई जिला समिति के गठन के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और पार्टी को उम्मीद है कि दीपक महतो के नेतृत्व में संगठन जिले में नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा।

Reporter | Samachar Post

