Samachar Post डेस्क, पटना : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए एनडीए प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा ने गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। नामांकन से पहले उन्होंने अपने माता-पिता का आशीर्वाद लिया और पटना स्थित महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना कर जीत की कामना की। इसके बाद अभिषेक कुमार सिन्हा समर्थकों और पार्टी नेताओं के साथ गांधी मैदान स्थित समाहरणालय पहुंचे, जहां उन्होंने बांकीपुर विधानसभा सीट के लिए आधिकारिक तौर पर नामांकन दाखिल किया।
नामांकन में जुटे एनडीए के वरिष्ठ नेता
नामांकन कार्यक्रम के दौरान एनडीए के कई प्रमुख नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर सम्राट चौधरी, संजय सरावगी तथा रविशंकर प्रसाद सहित भाजपा और एनडीए के कई वरिष्ठ नेताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। नामांकन के दौरान समर्थकों ने उम्मीदवार के समर्थन में नारेबाजी की और चुनावी जीत का दावा किया।

नामांकन के बाद शुरू करेंगे जनसंपर्क अभियान
नामांकन दाखिल करने के बाद अभिषेक कुमार सिन्हा ने चुनाव में जीत का भरोसा जताया और क्षेत्र की जनता से समर्थन मांगा। तय कार्यक्रम के अनुसार, वह गुरुवार से ही जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करेंगे। इस दौरान वह विभिन्न इलाकों में लोगों से मुलाकात कर वोट की अपील करेंगे, आशीर्वाद सभाओं को संबोधित करेंगे और डाकबंगला चौराहा से पटना जंक्शन तक पैदल यात्रा भी करेंगे।
यह भी पढ़ें: पटना में अनंत सिंह के सरकारी आवास के पास युवक का शव बरामद, हाई-प्रोफाइल इलाके में हड़कंप
संगठन से जुड़े लंबे अनुभव का लाभ
अभिषेक कुमार सिन्हा लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) से जुड़े हुए हैं। पिछले करीब 26 वर्षों में उन्होंने संगठन में बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक कई जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्होंने पाटलिपुत्र मंडल, कृष्णा मंडल, पटना महानगर युवा मोर्चा और बिहार प्रदेश युवा मोर्चा में विभिन्न पदों पर कार्य किया है। वर्तमान में वह भारतीय जनता युवा मोर्चा, बिहार के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। इससे पहले वह पटना महानगर युवा मोर्चा के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को बिहार की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में प्रमुख दलों ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। नामांकन प्रक्रिया के साथ ही अब चुनाव प्रचार भी गति पकड़ने लगा है और राजनीतिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

