Samachar Post रिपोर्टर,दुमका : झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में दुमका एसीबी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरैयाहाट अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) कार्यालय के एक कर्मी को ₹5 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार कर्मी की पहचान आनंद कुमार भारद्वाज के रूप में हुई है, जो एसडीओ कार्यालय में कार्यरत है।
यह भी पढ़ें : रांची की 67 सड़कों का होगा कायाकल्प, ₹12 करोड़ से मरम्मत और जीर्णोद्धार; 45 से 150 दिनों में पूरा होगा काम
सरकारी फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर मांगी थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, आरोपी कर्मी ने एक स्थानीय व्यक्ति से एसडीओ कार्यालय से संबंधित महत्वपूर्ण सरकारी कागजात आगे भेजने या प्रक्रिया पूरी कराने के बदले ₹5 हजार की रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था। आरोपी द्वारा लगातार दबाव बनाए जाने के बाद उसने पूरे मामले की शिकायत दुमका एसीबी से की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने की शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई गई। तय रणनीति के तहत शिकायतकर्ता को केमिकल लगे ₹5 हजार दिए गए, जिन्हें उसने गुरुवार को आरोपी कर्मी को सौंप दिया।

रंगे हाथ गिरफ्तार, पूछताछ जारी
जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से घात लगाए बैठी एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को दुमका स्थित एसीबी कार्यालय ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद सरैयाहाट एसडीओ कार्यालय सहित जिले के अन्य सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है। झारखंड में सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी पर अंकुश लगाने के लिए एसीबी लगातार ट्रैप कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी सरकारी कर्मचारी द्वारा काम के बदले रिश्वत मांगी जाती है तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।

Reporter | Samachar Post

