Samachar Post रिपोर्टर,रांची : राजधानी रांची के लोगों को जल्द ही बेहतर और गड्ढामुक्त सड़कों की सौगात मिलने वाली है। पथ निर्माण विभाग, रांची पथ प्रमंडल ने शहर की 67 प्रमुख सड़कों और पुलों की साधारण मरम्मत एवं जीर्णोद्धार की योजना शुरू कर दी है। इस परियोजना पर करीब 12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विभाग ने इसके लिए प्रशासनिक प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। विभागीय जानकारी के अनुसार, इस परियोजना के तहत शहर की विभिन्न सड़कों पर पैच रिपेयरिंग, साइन बोर्ड लगाने, रोड मार्किंग, पेंटिंग, पुलों की मरम्मत और नाली निर्माण जैसे कार्य किए जाएंगे। इसका उद्देश्य राजधानी की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाना है।
यह भी पढ़ें : पाकुड़ में सड़क किनारे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, सिर कुचला हुआ मिला; पुलिस जांच में जुटी
इन प्रमुख सड़कों की बदलेगी तस्वीर
परियोजना में रांची के कई प्रमुख मार्गों को शामिल किया गया है। रिम्स बिजली चौक से चेशायर होम रोड और दिव्यायन मोड़ से रिम्स रोड (टैगोर हिल रोड) की मरम्मत पर सबसे अधिक 50-50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा रतन टॉकीज से सर्कुलर रोड, रेडियम रोड, बिरसा चौक से बिरसा राजपथ, जेएससीए स्टेडियम से धुर्वा बस स्टैंड, एजी मोड़ से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट और एयरपोर्ट से कुटियातु रोड को भी दुरुस्त किया जाएगा।

चौक-चौराहों, बस स्टैंड और स्टेशन मार्गों पर भी होगा काम
योजना के तहत सहजानंद चौक, कडरू रोड, काथल मोड़, अरगोड़ा चौक, हरमू चौक, मुक्ति धाम, रानी सती मंदिर मार्ग सहित कई महत्वपूर्ण सड़कों की मरम्मत होगी। इसके अलावा आईटीआई बस स्टैंड, बिरसा मुंडा बस स्टैंड, कडरू चौक से रांची रेलवे स्टेशन तक की सड़कों को भी बेहतर बनाया जाएगा। कडरू आरओबी की रंगाई-पुताई भी इसी परियोजना का हिस्सा होगी। सर्जना चौक से डांगरा टोली चौक तक रांची-मुरी रोड पर नाली निर्माण और मरम्मत के लिए करीब 48 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं विभिन्न सड़कों पर साइन बोर्ड और अन्य रोड फर्नीचर भी लगाए जाएंगे ताकि यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा बेहतर हो सके।
45 से 150 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य
पथ निर्माण विभाग ने अलग-अलग कार्यों के लिए अलग-अलग समय-सीमा तय की है। अधिकांश सड़क मरम्मत का काम 45 से 90 दिनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि नाली निर्माण और अन्य बड़े कार्यों के लिए 120 से 150 दिनों का समय निर्धारित किया गया है। विभाग का दावा है कि परियोजना पूरी होने के बाद राजधानी की सड़कें पहले से अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और गड्ढामुक्त नजर आएंगी।

Reporter | Samachar Post

