पलामू के चियांकी में हाईवे निर्माण को लेकर बवाल, प्रशासन और ग्रामीणों में झड़प; कई घायल

Rupa Kumari | July 9, 2026 | 11:42 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : जिले के चियांकी क्षेत्र में गुरुवार सुबह हाईवे निर्माण कार्य को लेकर प्रशासनिक टीम और ग्रामीणों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच पथराव हुआ, जिसमें कई पुलिसकर्मी और ग्रामीण घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH) में भर्ती कराया गया है।

निर्माण कार्य के विरोध से बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित हाईवे निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से विरोध जता रहे थे। प्रशासन ने इलाके में निषेधाज्ञा (धारा 163) लागू कर रखी थी, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। गुरुवार सुबह जब प्रशासनिक टीम निर्माण कार्य से संबंधित कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची, तो ग्रामीणों के साथ कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में स्थिति तनावपूर्ण हो गई और दोनों पक्षों के बीच झड़प शुरू हो गई। इस दौरान पथराव की घटना भी हुई, जिससे कई लोग घायल हो गए।

पुलिसकर्मियों को आई गंभीर चोटें

घटना में झारखंड आर्म्ड पुलिस (JAP) के जवान राजमोहन सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी है। वहीं महिला सहायक पुलिसकर्मी प्रिया कुमारी के पैर में चोट आई है। अन्य घायल पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों का भी अस्पताल में उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।

यह भी पढ़ें: धनबाद के छाताबाद में फिर आई घरों में दरारें, दहशत में लोग; सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

एसडीपीओ और थाना प्रभारी पहुंचे मौके पर

मामले की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ राजेश यादव घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सदर थाना प्रभारी अफजाल अंसारी भी मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों से बातचीत कर हालात को सामान्य बनाने का प्रयास किया। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घटना को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। झड़प के बाद चियांकी और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सतर्क है। हाईवे परियोजना को लेकर उत्पन्न विवाद अब प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों के बीच बड़ा मुद्दा बनता दिखाई दे रहा है। आने वाले दिनों में प्रशासन की कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।

Share this news

संबंधित खबरें