हजारीबाग में हाथियों का तांडव: स्कूल के बरामदे में सो रहे युवक को कुचलकर मार डाला, कई घर और फसलें तबाह

Meenu | July 7, 2026 | 11:51 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग :झारखंड के हजारीबाग जिले के बरकट्ठा प्रखंड में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि बेलकपी पंचायत के बंडासिंगा गांव में हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय के बरामदे में सो रहे एक युवक को हाथियों ने कुचलकर मार डाला। घटना के बाद हाथियों ने विद्यालय, कई घरों, मंदिर की दीवार और खेतों में लगी फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचाया। मृतक की पहचान 24 वर्षीय मुकेश गोस्वामी के रूप में हुई है। वह बंडासिंगा गांव के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार, मुकेश रात में विद्यालय के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान हाथियों का झुंड वहां पहुंचा और उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

यह भी पढ़ें :सरायकेला में भीषण सड़क हादसा: हाइवा और ट्रेलर की टक्कर के बाद लगी आग, दो चालकों की मौत

विद्यालय में जमकर मचाया उत्पात

विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने बताया कि हाथियों ने स्कूल भवन को भी काफी नुकसान पहुंचाया। झुंड ने विद्यालय के पांच दरवाजे और एक खिड़की तोड़ दी। इतना ही नहीं, मध्यान्ह भोजन के लिए रखा दाल का एक बोरा भी खा लिया और स्कूल की अन्य सामग्री को भी नुकसान पहुंचाया।

घरों, मंदिर और खेतों में भारी नुकसान

युवक की मौत के बाद हाथियों ने गांव के कई मकानों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार, नुनमन ठाकुर और खूबलाल ठाकुर के मिट्टी के घरों को नुकसान पहुंचा, जबकि दुर्गा मंदिर की दीवार भी तोड़ दी गई। इसके अलावा खेतों में लगी मक्के की फसल को भी हाथियों ने बर्बाद कर दिया। कई किसानों की बाउंड्री वॉल भी क्षतिग्रस्त हुई है।

एक सप्ताह से बरकट्ठा में घूम रहा हाथियों का झुंड

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब एक सप्ताह से हाथियों का झुंड बरकट्ठा प्रखंड के विभिन्न गांवों में घूम रहा है। कुछ दिन पहले तुर्कबाद और केंदुआ क्षेत्र में भी हाथियों के हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई थी, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया था। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

वन विभाग और प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर करने के लिए स्थायी उपाय करने की मांग की है। साथ ही मृतक के परिजनों को शीघ्र मुआवजा, क्षतिग्रस्त मकानों और फसलों का उचित मुआवजा देने तथा प्रभावित गांवों में वन विभाग की विशेष निगरानी टीम तैनात करने की मांग की है। प्रशासन का कहना है कि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और लोगों से रात के समय सतर्क रहने की अपील की गई है।

Share this news

संबंधित खबरें