Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :मेदिनीनगर सदर थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल के समीप एक संदिग्ध मकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, बड़ी संख्या में नकली स्टीकर और शराब की बोतलों के ढक्कन बरामद किए हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें :राज्य सरकार के फैसले के बाद चतरा के छह प्रखंडों में लागू होगी नई व्यवस्था, अब BDO संभालेंगे CO का अतिरिक्त प्रभार
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पोखराहा इलाके में कुछ तस्कर अवैध शराब बनाने और उसकी बिक्री का सिंडिकेट चला रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने संदिग्ध ठिकाने पर छापेमारी की, जहां से नकली स्टीकर, बोतलों के ढक्कन और अन्य सामग्री बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बरामद सामग्री को किसी अन्य स्थान पर ले जाने की तैयारी थी। पुलिस का मानना है कि अवैध शराब का निर्माण किसी दूसरे गुप्त ठिकाने पर किया जा रहा था, जबकि बरामद सामान इस मकान में छिपाकर रखा गया था।

फरार तस्करों की तलाश में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी अफजल अंसारी के अनुसार, इस अवैध कारोबार से जुड़े आरोपी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। उनकी तलाश के लिए विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और इसमें शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए अभियान जारी रहेगा।

Reporter | Samachar Post

