Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मेघाहातुबुरु में स्कूल बस सेवा बंद किए जाने के विरोध में अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। शनिवार सुबह केंद्रीय विद्यालय मेघाहातुबुरु के विद्यार्थियों को लेकर जा रही सेल किरीबुरू की स्कूल बस को मुर्गापाड़ा में कुछ देर के लिए रोककर अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन किया। करीब 15 मिनट तक चले विरोध के बाद बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसे देखते हुए बस को स्कूल के लिए रवाना कर दिया गया।
अलग बस सेवा बंद होने से बढ़ी परेशानी
अभिभावकों का आरोप है कि सेल के मेघाहातुबुरु प्रबंधन ने न्यू कैंप क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए संचालित अलग स्कूल बस सेवा बंद कर दी है। इसके कारण अब न्यू कैंप के 30 से 40 छात्रों को हिलटॉप और मुर्गापाड़ा रूट की बसों में सफर करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि ये बसें पहले से ही क्षमता से अधिक बच्चों को लेकर चल रही हैं, जिससे विद्यार्थियों को काफी परेशानी हो रही है।

सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता
प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों ने बताया कि भीड़भाड़ के कारण बच्चों को धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ता है। कई बार चोट लगने की घटनाएं भी सामने आई हैं। कुछ विद्यार्थियों को सीट नहीं मिलने के कारण स्कूल जाने में कठिनाई हो रही है। बरसात के मौसम में कई बच्चों को पैदल स्कूल जाना पड़ रहा है, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता और बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें: खेत में काम कर रहे युवक पर तीन भालुओं का हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
जल्द समाधान की मांग
स्थानीय अभिभावक जोया खान ने बताया कि कई दिनों से संबंधित प्रबंधन से समस्या के समाधान की मांग की जा रही थी, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं हुई। इसी वजह से अभिभावकों ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया। उन्होंने मांग की कि न्यू कैंप क्षेत्र के बच्चों के लिए अलग स्कूल बस सेवा जल्द बहाल की जाए ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा मिल सके। अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा यह मामला बेहद गंभीर है और किसी अप्रिय घटना की स्थिति में संबंधित प्रबंधन जिम्मेदार होगा।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

