खेत में काम कर रहे युवक पर तीन भालुओं का हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

Rupa Kumari | July 4, 2026 | 12:49 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, लातेहार : जिले के महुआडांड़ प्रखंड में जंगली भालुओं के हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना ओरसा पंचायत के कुकुद गांव की है, जहां खेत में काम कर रहे युवक पर तीन भालुओं ने अचानक हमला कर दिया। घायल युवक की पहचान 30 वर्षीय किशुन नगेसिया के रूप में हुई है। हमले में उसके सिर, हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, किशुन नगेसिया शुक्रवार शाम अपने खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान जंगल की ओर से निकले तीन भालुओं ने उस पर अचानक हमला कर दिया। युवक के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गए।

वन विभाग ने पहुंचाया अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही वनपाल गुरु दयाल सिंह मौके पर पहुंचे और घायल युवक को महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने घायल के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। वनपाल ने बताया कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभागीय प्रावधानों के तहत मुआवजा राशि भी प्रदान की जाएगी।

यह भी पढ़ें: रांची समेत सात जिलों में JSMDC के स्टॉकयार्डों में जमा बालू की होगी नीलामी

ग्रामीणों में दहशत

घटना के बाद इलाके के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल से सटे गांवों में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे किसानों और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और लोगों को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

Share this news

संबंधित खबरें