Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स (चिरेका) के सेवानिवृत्त कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान 66 वर्षीय दिनेश सिंह के रूप में हुई है, जो चित्तरंजन के फतेहपुर इलाके के निवासी थे।जानकारी के अनुसार, दिनेश सिंह अपनी बड़ी बेटी और अन्य परिजनों के साथ बिहार स्थित अपने पैतृक गांव जाने के लिए चित्तरंजन रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। ट्रेन का इंतजार करने के दौरान वह स्टेशन के बाहर सड़क पार कर हैंडपंप से पानी लेने जा रहे थे। इसी दौरान जामताड़ा की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के समय आसपास टोटो चालक और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान भी मौजूद थे। परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद तत्काल सहायता नहीं मिलने से स्थिति और गंभीर हो गई। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरा हादसा रिकॉर्ड हो गया है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर भी मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: परिसीमन को लेकर आदिवासी संगठनों का आंदोलन, 30 अगस्त को मोरहाबादी में होगा राज्यव्यापी महाजुटान

पिकअप जब्त, चालक की तलाश जारी
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पिकअप वैन को पकड़ लिया, लेकिन चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और चालक की गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव जाने की तैयारी कर रहे परिवार को इस दर्दनाक हादसे ने गहरे सदमे में डाल दिया है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

