- 329 डॉक्टरों और 83 ड्रग इंस्पेक्टरों के भी तबादले, कई अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
Samachar Post डेस्क, पटना : बिहार सरकार ने राज्य प्रशासनिक सेवा (BAS) के 36 अधिकारियों का तबादला करते हुए विभिन्न विभागों और जिलों में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, पदस्थापना की प्रतीक्षा में रहे चार अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने भी 329 डॉक्टरों और 83 ड्रग इंस्पेक्टरों का तबादला किया है।
कई अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
जारी आदेश के अनुसार, नालंदा के वरीय उपसमाहर्ता अभिषेक श्रीवास्तव को मुख्यमंत्री सचिवालय में उप सचिव बनाया गया है। अमिताभ सिंह को सीवान का उप विकास आयुक्त (डीडीसी), अनिल कुमार को समाज कल्याण विभाग में संयुक्त सचिव तथा गिरधारी लाल को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, सुरेंद्र प्रसाद को मुजफ्फरपुर का बंदोबस्त पदाधिकारी बनाया गया है और उन्हें शिवहर जिले का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। फिरोज अख्तर को कटिहार में आपदा प्रबंधन विभाग का अपर समाहर्ता नियुक्त किया गया है। इसके अलावा राखी कुमारी को किशनगंज, सदफ आलम को गया, प्रियंका कुमारी को बेगूसराय, ज्योति रानी को मधुबनी तथा अमृता ओशो गर्ग को भोजपुर का वरीय उपसमाहर्ता बनाया गया है। रवि रंजन कुमार गुप्ता को पटना का जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, कुंदन कुमार को गृह विभाग में अपर सचिव तथा अनुराग कौशल सिंह को उच्च शिक्षा विभाग में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा कई अन्य अधिकारियों को भी विभिन्न विभागों और जिलों में नई तैनाती दी गई है।

यह भी पढ़ें: पटना में मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन आज, कंकड़बाग-राजेंद्रनगर तक बेहतर होगी कनेक्टिविटी
स्वास्थ्य विभाग में भी बड़ा बदलाव
स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत 329 डॉक्टरों का तबादला किया है। इनमें 163 डॉक्टरों का स्थानांतरण उनके आवेदन के आधार पर किया गया है। विभाग ने 83 ड्रग इंस्पेक्टरों का भी तबादला किया है। साथ ही पदस्थापना की प्रतीक्षा कर रहे आठ सीनियर रेजिडेंट, ट्यूटर और चिकित्सा पदाधिकारियों को पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में नियुक्त किया गया है। पीएमसीएच में तैनात किए गए चिकित्सकों में डॉ. तोहफा बेनजीर, डॉ. निधि, डॉ. रूपेश कुमार सिंह, डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. रोहित, डॉ. मधु, डॉ. मुकेश कुमार तथा शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अतुल शेखर शामिल हैं। सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को शासन-प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ाने और विभिन्न विभागों में बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

