रांची में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर बड़ी कार्रवाई, जून में कटे 1.24 लाख चालान; 9.50 करोड़ रुपये का जुर्माना

Rupa Kumari | July 1, 2026 | 04:45 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ रांची पुलिस ने जून महीने में रिकॉर्ड कार्रवाई की है। पूरे महीने में 1,24,144 वाहनों का चालान काटते हुए करीब 9.50 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया। यह आंकड़ा मई महीने की तुलना में दोगुने से भी अधिक है। मई में लगभग 50 हजार वाहनों का चालान किया गया था। बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि सबसे ज्यादा कार्रवाई नो पार्किंग और हेलमेट नियमों के उल्लंघन के मामलों में की गई।

नो पार्किंग और बिना हेलमेट चलने वालों पर सबसे ज्यादा कार्रवाई

ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, जून महीने में नो पार्किंग नियम का उल्लंघन करने वाले 50,500 वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया गया। वहीं बिना हेलमेट वाहन चलाने के 58,743 मामलों में चालान काटे गए। इसके अलावा पीछे बैठे व्यक्ति के बिना हेलमेट होने पर 547, ओवर स्पीडिंग के 2,118, रेड लाइट जंप करने के 4,612, ऑटो ओवरलोडिंग के 1,359 और ड्रंक एंड ड्राइव के 99 मामलों में कार्रवाई की गई।

765 ड्राइविंग लाइसेंस किए गए निलंबित

ट्रैफिक एसपी ने बताया कि बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले 765 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए हैं। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़े मामलों में भी बड़ी संख्या में चालान जारी किए गए। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। पुलिस आगे भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रखेगी।

यह भी पढ़ें: रांची एयरपोर्ट से 5 उड़ानें अस्थायी रूप से बंद, कई फ्लाइट्स के समय में बदलाव

मई के मुकाबले दोगुनी कार्रवाई

जून में हुई कार्रवाई यह संकेत देती है कि शहर में ट्रैफिक नियमों के अनुपालन को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। एक महीने में 1.24 लाख से अधिक चालान और 9.50 करोड़ रुपये के जुर्माने ने रांची में ट्रैफिक प्रवर्तन का नया रिकॉर्ड स्थापित किया है।

Share this news

संबंधित खबरें