Samachar Post डेस्क, रांची : असम में लगातार हो रही बारिश और बाढ़ के बीच भारतीय सेना ने मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (HADR) अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। धेमाजी जिले के बाढ़ प्रभावित अरुण चापोरी गांव में फंसे 27 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकालकर राहत शिविरों तक पहुंचाया गया। यह अभियान भारतीय सेना की भारतीय सेना की स्पीयर कोर के अंतर्गत स्पीयर हेड डिवीजन ने नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) और जिला प्रशासन के सहयोग से चलाया।
जलस्तर बढ़ने से कई गांव हुए प्रभावित
सेना के अधिकारियों के अनुसार, लगातार बारिश और नदियों के जलस्तर में अचानक वृद्धि के कारण धेमाजी जिले के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। अरुण चापोरी गांव में भी लोग बाढ़ के पानी से घिर गए थे, जिसके बाद राहत एवं बचाव दलों को तत्काल मौके पर भेजा गया। सुरक्षित निकाले गए सभी ग्रामीणों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज कर दिए गए हैं।
राहत सामग्री और जरूरी सहायता भी पहुंचाई
बचाव अभियान के बाद सेना की टीमों ने प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल राहत सामग्री और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी की। अधिकारियों ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत और बचाव कार्य सेना की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में शामिल है। सेना ने कहा कि संकट की घड़ी में नागरिकों की सुरक्षा और सहायता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जरूरत पड़ने पर आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

असम में 45 हजार से अधिक लोग प्रभावित
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार, असम में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। चिरांग, धेमाजी, डिब्रूगढ़, लखीमपुर और नलबाड़ी जिलों में 45,500 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। सबसे अधिक असर धेमाजी ज़िले में देखा गया है, जहां 41 हजार से ज्यादा लोग बाढ़ की चपेट में हैं। वहीं धेमाजी ज़िले और जोनाई सब-डिविज़न में भी हजारों लोग प्रभावित हुए हैं।
यह भी पढ़ें: बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए अतिरिक्त उड़ानों की मांग, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने केंद्र को लिखा पत्र
बाढ़ में एक व्यक्ति की मौत
सरकारी बाढ़ रिपोर्ट के मुताबिक, धेमाजी जिले के जोनाई सब-डिवीजन में तेज बहाव में बह जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। प्रशासन और राहत एजेंसियां प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का कार्य जारी है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

