Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : शहर के सदर अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने शनिवार दोपहर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। शव अस्पताल गेट के पास स्थित एक चाय दुकान की चौकी पर पड़ा मिला। जानकारी के अनुसार, झारखंड मुक्ति मोर्चा के युवा नेता रिजवान शेख किसी कार्य से सदर अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर चौकी पर अचेत अवस्था में पड़े व्यक्ति पर पड़ी। उन्होंने तत्काल अस्पताल प्रबंधन को इसकी सूचना दी, जिसके बाद अस्पताल कर्मियों की मदद से व्यक्ति को इलाज के लिए अंदर ले जाया गया।
अस्पताल पहुंचाने पर मृत घोषित
हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह अस्पताल गेट तक कब और किन परिस्थितियों में पहुंचा। घटना की सूचना अस्पताल प्रशासन ने जामताड़ा थाना पुलिस को दे दी है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच में जुटी हुई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मृतक के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें: मानकर स्टेशन बना डिजिटल टिकटिंग का रोल मॉडल, 90% से अधिक टिकटों की बुकिंग ऑनलाइन


Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

