रांची ट्रैफिक अलर्ट: मुहर्रम जुलूस के दौरान कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित, एडवायजरी जारी

Rupa Kumari | June 26, 2026 | 04:48 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : मुहर्रम के अवसर पर 27 जून को राजधानी रांची में निकलने वाले पारंपरिक जुलूस को लेकर जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। जुलूस के दौरान दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। प्रशासन के अनुसार, जुलूस के सुरक्षित और शांतिपूर्ण संचालन के लिए संबंधित मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। साथ ही यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।

इन मार्गों से गुजरेगा मुहर्रम जुलूस

प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक मुहर्रम जुलूस विश्वनाथ चौक से शुरू होकर काली मंदिर, वुल हाउस, फतेहउल्लाह रोड होते हुए कर्बला चौक तक जाएगा। जुलूस के दौरान इन मार्गों पर सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि मुख्य जुलूस मार्ग के अलावा शहर के अन्य इलाकों में भी भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए आवश्यकतानुसार रूट डायवर्ट किए जा सकते हैं। मौके की स्थिति के अनुसार पुलिस वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करेगी।

लोगों से की गई यह अपील

प्रशासन ने नागरिकों से यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट लेने और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। इससे जाम की समस्या कम होगी और जुलूस का संचालन भी सुचारु रूप से हो सकेगा। मुहर्रम को लेकर शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस और प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च भी निकाला गया है। अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया और लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

यह भी पढ़ें: मुहर्रम के मद्देनजर 27 जून को रांची के सभी स्कूल रहेंगे बंद, जिला प्रशासन का आदेश

अफवाहों से बचने की सलाह

प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक या अपुष्ट जानकारी को साझा नहीं करने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

Share this news

संबंधित खबरें