रांची को मिलेंगे तीन नए फ्लाईओवर, अरगोड़ा, हरमू और करमटोली परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया शुरू

Rupa Kumari | June 26, 2026 | 04:07 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची में ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने के लिए तीन महत्वपूर्ण फ्लाईओवर परियोजनाओं पर काम तेज हो गया है। अरगोड़ा, हरमू और करमटोली फ्लाईओवर से जुड़ी प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद इन्हें टेंडर चरण में भेज दिया गया है। स्टेट हाईवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड (SAJ) ने इन परियोजनाओं के निर्माण के लिए इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (EPC) मोड पर निविदाएं आमंत्रित की हैं। इच्छुक कंपनियां 17 अगस्त तक ई-टेंडर के माध्यम से आवेदन कर सकेंगी, जबकि 18 अगस्त को टेंडर खोले जाएंगे।

223 करोड़ रुपये से बनेगा अरगोड़ा फ्लाईओवर

अरगोड़ा फ्लाईओवर परियोजना पर करीब 223.14 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। लगभग 3.804 किलोमीटर लंबा यह फ्लाईओवर हरमू रोड स्थित काव्स रेस्टोरेंट के पास से शुरू होकर डिबडीह ब्रिज से पहले तक जाएगा। परियोजना के तहत अरगोड़ा चौक से कचहरी मोड़ की दिशा में चापुटोली और अशोक नगर रोड नंबर-3 तक कनेक्टिविटी भी विकसित की जाएगी। इसके बनने से शहर के चार प्रमुख मार्ग आपस में जुड़ेंगे और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

करमटोली से साइंस सिटी तक बनेगा एलिवेटेड कॉरिडोर

करमटोली फ्लाईओवर करमटोली चौक से साइंस सिटी (चिरौंदी) तक प्रस्तावित है। इसकी कुल लंबाई 3.216 किलोमीटर होगी, जिसमें 2.7 किलोमीटर मुख्य फ्लाईओवर और लगभग 520 मीटर का लिंक रोड शामिल रहेगा। करीब 351 करोड़ रुपये की इस परियोजना में निर्माण कार्य के अलावा भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास, यूटिलिटी शिफ्टिंग और सौंदर्यीकरण जैसे कार्य भी शामिल हैं। परियोजना पूरी होने के बाद मोरहाबादी और साइंस सिटी क्षेत्र की आवाजाही अधिक सुगम होने की उम्मीद है।

हरमू फ्लाईओवर के लिए फिर से जारी हुआ टेंडर

हरमू फ्लाईओवर सहजानंद चौक से पहले शुरू होकर हरमू रोड और रातू रोड को पार करते हुए कांके रोड स्थित एसीबी कार्यालय के पास तक जाएगा। इसकी अनुमानित लंबाई करीब 3.5 किलोमीटर होगी और इसका एक हिस्सा जज कॉलोनी के समीप उतरेगा। अधिकारियों के अनुसार, पहले जारी टेंडर में कुछ तकनीकी संशोधन किए गए थे। संशोधन के बाद अब परियोजना के लिए दोबारा निविदा जारी की गई है। योजना के तहत सहजानंद चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए रातू रोड की ओर जाने हेतु अलग निकासी व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।

यह भी पढ़ें: हूल दिवस के आयोजन की तैयारी में भाजपा, 9 सदस्यीय समिति का गठन

ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

इन तीनों फ्लाईओवर परियोजनाओं के पूरा होने के बाद राजधानी रांची के कई व्यस्त मार्गों पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। साथ ही शहर में आवागमन अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक हो सकेगा।

Share this news

संबंधित खबरें