Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड भाजपा 30 जून को साहिबगंज के भोगनाडीह स्थित अमर शहीद स्थल पर हूल दिवस को भव्य रूप से मनाने की तैयारी में जुट गई है। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने 9 सदस्यीय आयोजन समिति का गठन किया है। गठित समिति में पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, अमर शहीद परिवार के वंशज मंडल मुर्मू, पूर्व प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, वरिष्ठ नेता गणेश तिवारी, साहिबगंज जिला अध्यक्ष गौतम यादव, पाकुड़ जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू, महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री अनिता सोरेन और अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश मंत्री अनिता मुर्मू को शामिल किया गया है।
हूल क्रांति के शहीदों को दी जाएगी श्रद्धांजलि
भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि 30 जून झारखंड और विशेष रूप से संताल परगना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक महत्व की तिथि है। इसी दिन वर्ष 1855 में सिदो-कान्हो के नेतृत्व में अंग्रेजी शासन के खिलाफ हूल क्रांति का शंखनाद किया गया था। उन्होंने कहा कि चांद, भैरव, फूलो और झानो जैसे वीर सेनानियों ने भी इस आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आदिवासी समाज ने शोषण और दमन के खिलाफ जिस संघर्ष की शुरुआत की, वह भारतीय इतिहास में एक महत्वपूर्ण जनआंदोलन के रूप में दर्ज है।

यह भी पढ़ें: किसानों की समृद्धि और रोजगार सृजन पर केंद्रित हो कृषि शिक्षा: राज्यपाल संतोष गंगवार
ऐतिहासिक विरासत को याद करने का प्रयास
अमर कुमार बाउरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनजातीय समाज के उन महानायकों के योगदान को सम्मानपूर्वक याद करती रही है, जिन्होंने स्वतंत्रता और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष किया। हूल दिवस का व्यापक आयोजन इसी प्रयास का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि भोगनाडीह में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से हूल क्रांति के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी और उनके संघर्ष व बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

