Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : पलामू जिले के मेदिनीनगर स्थित पोखराहा और जोड़ क्षेत्र के फोरलेन हाईवे पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संज्ञान लिया है। हाल के दिनों में इस मार्ग पर हुई दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत के बाद मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, फोरलेन हाईवे का यह हिस्सा लंबे समय से दुर्घटना संभावित क्षेत्र बना हुआ है। पिछले एक सप्ताह के दौरान हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों की जान चली गई, जिसके बाद क्षेत्र में लोगों का आक्रोश बढ़ गया। गुरुवार को स्थानीय नागरिकों ने सड़क सुरक्षा को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए गए और बेहतर सुरक्षा इंतजाम की मांग की गई। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी।
मुख्यमंत्री ने मांगी कार्रवाई रिपोर्ट
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पलामू के उपायुक्त और राज्य के परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है। साथ ही सड़क पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए की जाने वाली कार्रवाई की जानकारी भी मांगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना संभावित इस मार्ग पर पर्याप्त चेतावनी संकेतक, रोशनी और अन्य सुरक्षा सुविधाओं का अभाव है। विशेषकर रात के समय वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है।
यह भी पढ़ें: रांची ट्रैफिक अलर्ट: मुहर्रम जुलूस के दौरान कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित, एडवायजरी जारी
स्थानीय लोगों ने रखी कई मांगें
क्षेत्र के लोगों और जनप्रतिनिधियों ने सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कई सुझाव दिए हैं। इनमें पर्याप्त चेतावनी संकेतक, हाईमास्ट लाइट, रंबल स्ट्रिप्स, स्पीड मॉनिटरिंग सिस्टम और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन व्यवस्था शामिल हैं। इसके अलावा दुर्घटना प्रभावित क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर लगाने, निर्माणाधीन फ्लाईओवर का कार्य जल्द पूरा करने और हाईवे किनारे संचालित शराब दुकानों पर कार्रवाई की भी मांग उठाई गई है।

रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही
यह मार्ग मेदिनीनगर और आसपास के क्षेत्रों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी सुरक्षा उपाय किए जाएं तो भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं और जान-माल के नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

