शादी से लौट रहे लोगों से भरा ऑटो पलटा, 8 घायल; 3 माह का मासूम सुरक्षित

Rupa Kumari | June 26, 2026 | 01:03 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : जिले के तिसरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में आठ लोग घायल हो गए। तिसरी-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर गम्हारियाटांड स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के पास शादी समारोह से लौट रहे लोगों से भरे ऑटो की सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिससे उसमें सवार कई लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को दुर्घटनाग्रस्त ऑटो से ही अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि अन्य घायलों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

आठ लोग घायल, दो की हालत गंभीर

हादसे में 63 वर्षीय सहदेव हजाम, 4 वर्षीय प्रियांशु कुमार, कविता कुमारी, रिंकी देवी, बाइक सवार यमुना दास, रोहित दास सहित कुल आठ लोग घायल हुए हैं। चिकित्सकों ने सहदेव हजाम और प्रियांशु कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया है। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है। बताया गया कि ऑटो में सवार सभी लोग खटपोंक गांव के निवासी थे और बेलकुशी महादेव मंदिर में आयोजित एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान खिजुरी की ओर जा रही बाइक से उनकी टक्कर हो गई, जिसके बाद यह हादसा हुआ।

यह भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा विवाद: रोहिणी आचार्या का हमला, कहा– FIR या आईवॉश?

3 माह का मासूम बाल-बाल बचा

हादसे के समय ऑटो में तीन माह का एक शिशु भी मौजूद था। राहत की बात यह रही कि वह पूरी तरह सुरक्षित बच गया। बच्चे को बचाने के प्रयास में उसकी मां को हाथ में हल्की चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलने पर तिसरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Share this news

संबंधित खबरें