Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला : जिले में अवैध खनन और खनिजों के गैर-कानूनी परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। उपायुक्त नितीश कुमार के निर्देश पर जिला खनन विभाग और गम्हरिया अंचल प्रशासन की संयुक्त टीम ने आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सापड़ा बालू घाट में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बिना वैध चालान के बालू परिवहन कर रहे एक वाहन को जब्त किया गया। निरीक्षण के दौरान बालू घाटों पर किसी प्रकार की अवैध खनन गतिविधि नहीं पाई गई। हालांकि जांच में वाहन संख्या JH05AG2259 बिना वैध परिवहन चालान के बालू ले जाते हुए पकड़ा गया। इसके बाद वाहन को जब्त कर आदित्यपुर थाना के सुपुर्द कर दिया गया। जिला खनन विभाग द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पाटा टोल प्लाजा पर चला सघन जांच अभियान
इसके बाद मोटरयान निरीक्षक के नेतृत्व में जिला खनन विभाग और अन्य अधिकारियों ने पाटा टोल प्लाजा पर संयुक्त जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान खनिज लदे वाहनों में तिरपाल के उपयोग, ओवरलोडिंग और परिवहन संबंधी वैध दस्तावेजों की जांच की गई। अभियान के दौरान विभिन्न नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 23 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों और परिवहनकर्ताओं को निर्धारित नियमों का पालन करने की चेतावनी भी दी।
यह भी पढ़ें: सवाल का जवाब नहीं दे सकी छात्रा, पिटाई के बाद बिगड़ी तबीयत; अस्पताल में भर्ती, प्रधानाध्यापक पर आरोप

अवैध खनन के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
उपायुक्त नितीश कुमार ने कहा कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और खनिज परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

