Samachar Post रिपोर्टर, दुमका : जिले के सदर प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय बनकाठी में कक्षा छह की एक छात्रा की कथित पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिक्षक के सवाल का जवाब नहीं देने पर प्रधानाध्यापक ने छात्रा को पीट दिया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। वहीं जिला शिक्षा विभाग ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
बीमार होने के बावजूद स्कूल गई थी छात्रा
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के केंदपानी गांव निवासी अनु मुर्मू पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, तबीयत खराब होने के बावजूद वह पढ़ाई के लिए स्कूल पहुंची थी। इसी दौरान कक्षा में पढ़ा रहे प्रधानाध्यापक ने उससे एक सवाल पूछा। छात्रा जवाब नहीं दे सकी, जिसके बाद कथित रूप से उसके साथ मारपीट की गई।
पिटाई के बाद अर्धमूर्छित हुई छात्रा
आरोप है कि पिटाई के बाद छात्रा की हालत अचानक बिगड़ गई और वह अर्धमूर्छित हो गई। सूचना मिलने पर उसके पिता स्कूल पहुंचे और निजी वाहन से उसे इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर लिया। अस्पताल में भर्ती छात्रा ने आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक ने उसे छड़ी से पीटा था, जिसके कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई। हालांकि प्रधानाध्यापक रणधीर मल्लाह ने इस आरोप से इनकार किया है। उनका कहना है कि उन्होंने छड़ी का इस्तेमाल नहीं किया, केवल हाथ से मारा था। उन्होंने यह भी दावा किया कि छात्रा पहले से बीमार थी, इसलिए उसकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई।
यह भी पढ़ें: सरायकेला में तंबाकू पर सख्ती: सरकारी परिसरों में सेवन या थूकने पर ₹1,000 जुर्माना, खुली सिगरेट बिक्री पर रोक

जांच के आदेश, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष कुमार हेम्ब्रम ने जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी से रिपोर्ट मांगी है। शिक्षा अधीक्षक ने कहा कि जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित प्रधानाध्यापक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

