Samachar Post रिपोर्टर,सिमडेगा :मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सिमडेगा पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक (SP) ने नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था का जायजा लिया। फ्लैग मार्च के दौरान एसपी ने संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौक-चौराहों और मुहर्रम जुलूस के संभावित मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनी रहे। एसपी ने मुहर्रम कमेटी के सदस्यों और स्थानीय गणमान्य लोगों के साथ बैठक कर शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर चर्चा की। उन्होंने सभी से प्रशासन का सहयोग करने, तय दिशा-निर्देशों का पालन करने और आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की।
यह भी पढ़ें :झारखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: 12 सप्ताह में 7वीं JPSC के दिव्यांग अभ्यर्थी की नियुक्ति की अनुशंसा करने का निर्देश
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।

अफवाहों से बचने की अपील
सिमडेगा पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि मुहर्रम का पर्व शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर अपुष्ट या भ्रामक जानकारी साझा करने से बचने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Reporter | Samachar Post

