सिमडेगा पुलिस की बड़ी सफलता: ‘अभियान सेतु’ के तहत 6 माह में 63 लापता लोग सकुशल बरामद

Meenu | June 25, 2026 | 03:30 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,सिमडेगा :सिमडेगा में मानव तस्करी और लापता व्यक्तियों के मामलों पर रोक लगाने के लिए शुरू किया गया पुलिस का विशेष अभियान ‘सेतु’ लगातार सफल साबित हो रहा है। एसपी श्रीकांत एस. खोतरे के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पिछले छह महीनों में 63 लापता लोगों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों से मिलाया गया है।

यह भी पढ़ें :पारण परेड में शामिल हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, बोले- 25 प्रतिशत महिला भागीदारी झारखंड के बदलते स्वरूप का प्रतीक

विशेष टीमों का गठन कर चलाया गया सर्च ऑपरेशन

पुलिस के अनुसार, लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए डीएसपी (मुख्यालय) के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने तकनीकी संसाधनों और सूचनात्मक नेटवर्क की मदद से झारखंड समेत देश के कई राज्यों में सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान लापता लोगों को दिल्ली, विशाखापत्तनम, बाड़मेर (राजस्थान), गोवा, छत्तीसगढ़ और ओडिशा सहित विभिन्न राज्यों से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। सभी लोगों को सुरक्षित वापस लाकर उनके परिवारों को सौंप दिया गया।

पुनर्वास और सहायता की प्रक्रिया जारी

पुलिस ने बताया कि रेस्क्यू किए गए लोगों के पुनर्वास के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) और जिला प्रशासन के सहयोग से आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके साथ ही इन लोगों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में भी काम किया जा रहा है, ताकि वे सामान्य जीवन में वापस लौट सकें। इस अभियान की सफलता में अन्य राज्यों और जिलों की पुलिस के साथ बेहतर समन्वय की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। त्वरित कार्रवाई और निरंतर निगरानी के कारण लापता व्यक्तियों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित वापस लाना संभव हो सका।

SP ने टीम की सराहना की

एसपी श्रीकांत एस. खोतरे ने अभियान में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी लापता व्यक्तियों की खोज, मानव तस्करी की रोकथाम और पीड़ितों के पुनर्वास के लिए ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के लापता होने की स्थिति में बिना देरी किए नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित की जा सके

Share this news

संबंधित खबरें