रांची: बर्लिन जनरल हॉस्पिटल में घुसकर डॉक्टर से मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप, FIR दर्ज

Rupa Kumari | June 25, 2026 | 11:22 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित बर्लिन जनरल हॉस्पिटल में घुसकर डॉक्टर के साथ मारपीट, धमकी और तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर अस्पताल प्रबंधन की शिकायत पर अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जानकारी के अनुसार, अस्पताल के पार्टनर एवं चिकित्सक डॉ. रजनीश कुमार शर्मा ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि बुधवार रात कुछ लोग हथियार के साथ अस्पताल परिसर में घुस आए और वहां हंगामा किया।

स्कॉर्पियो से पहुंचे थे आरोपी

शिकायत में कहा गया है कि रात करीब 8 बजे एक काले रंग की स्कॉर्पियो से 8 से 10 लोग अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि समूह का नेतृत्व करने वाले व्यक्ति और उसके सहयोगियों ने अस्पताल में प्रवेश कर गाली-गलौज, मारपीट और तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया। डॉ. शर्मा ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी, जिससे अस्पताल कर्मियों और प्रबंधन में भय का माहौल बन गया।

अस्पताल प्रबंधन ने जताई सुरक्षा की चिंता

घटना के दौरान अस्पताल में अन्य कर्मचारी और कुछ लोग भी मौजूद थे। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि इस घटना के बाद उन्हें अपनी और अस्पताल से जुड़े अन्य लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता है। अस्पताल प्रबंधन ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें: कतर गैस प्लांट हादसे में जमशेदपुर के युवक की मौत, परिवार में मातम

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

मामले की गंभीरता को देखते हुए अरगोड़ा थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शिकायत में नामित आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Share this news

संबंधित खबरें