सदर अस्पताल में मेडिकल गैस सिस्टम के रखरखाव के लिए टेंडर, 29 जून तक आवेदन

Meenu | June 24, 2026 | 02:02 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची के सदर अस्पताल में मेडिकल गैस पाइपलाइन सिस्टम के संचालन और रखरखाव के लिए जिला प्रशासन ने निविदा जारी की है। इसके तहत प्रतिष्ठित फर्मों, अधिकृत एजेंसियों और निर्माताओं से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) आमंत्रित किए गए हैं। यह कार्य अनटाइड फंड के तहत 12 महीने की अवधि के लिए किया जाएगा। जारी सूचना के अनुसार इच्छुक एजेंसियां 29 जून को सुबह 11:30 बजे तक अपना प्रस्ताव जिला योजना कार्यालय, विकास भवन, रांची में जमा कर सकती हैं। प्राप्त प्रस्तावों को उसी दिन दोपहर 1:30 बजे विकास भवन के द्वितीय तल स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में खोला जाएगा।

यह भी पढ़ें :वाहन की चपेट में आकर स्कूटी सवार महिला की मौत, जर्जर सड़क को लेकर लोगों में आक्रोश

50 हजार रुपये EMD अनिवार्य

निविदा प्रक्रिया में भाग लेने के लिए एजेंसियों को उपायुक्त, रांची के पक्ष में 50 हजार रुपये की बयाना राशि (EMD) डिमांड ड्राफ्ट के रूप में जमा करनी होगी। चयनित एजेंसी को अस्पताल में स्थापित ऑक्सीजन सिस्टम, वैक्यूम सिस्टम और कंप्रेस्ड एयर सिस्टम सहित सभी मेडिकल गैस पाइपलाइन उपकरणों का संचालन और रखरखाव करना होगा। इसके लिए 24 घंटे मैनपावर की व्यवस्था अनिवार्य होगी, ताकि सिस्टम बिना बाधा संचालित रह सके।

नियमित मेंटेनेंस और ब्रेकडाउन सेवा भी जरूरी

एजेंसी को इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल इंस्टॉलेशन का नियमित निरीक्षण, पाइपलाइन लीकेज की जांच, सफाई और आवश्यक रखरखाव करना होगा। छोटे मरम्मत कार्य और रूटीन सर्विसिंग नि:शुल्क होंगे, जबकि बड़े सुधार और पार्ट्स बदलने पर निर्धारित नियमों के अनुसार भुगतान किया जाएगा। ब्रेकडाउन की स्थिति में तत्काल समाधान अनिवार्य होगा।

अनुभव और टर्नओवर की शर्त

निविदा में वही एजेंसियां भाग ले सकती हैं जिनका पिछले दो वर्षों का टर्नओवर, ऑडिट रिपोर्ट और लाभ-हानि विवरण संतोषजनक हो। साथ ही मेडिकल गैस पाइपलाइन सिस्टम के निर्माण या रखरखाव का अनुभव होना जरूरी है। झारखंड में ऐसे कार्य का अनुभव रखने वाली एजेंसियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत जानकारी

प्रशासन ने बताया कि निविदा से संबंधित विस्तृत जानकारी रांची जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है। कार्यालय समय में हेल्पलाइन के माध्यम से भी जानकारी उपलब्ध रहेगी।

Share this news

संबंधित खबरें