Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला :सरायकेला जिले में टाटा मुख्य मार्ग पर बुधवार को हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक महिला की मौत हो गई। जिला समाहरणालय के पास टीवीएस शोरूम के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से सुलेखा महतो की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना तेज था कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर के बाद गंभीर रूप से घायल महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
यह भी पढ़ें :रिम्स लैंड स्कैम: आरोपी प्रमोद कुमार महतो की अग्रिम जमानत याचिका खारिज
चालक वाहन छोड़कर फरार
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने जल्द ही मामले के खुलासे की बात कही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में सड़क की खराब स्थिति को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि सरायकेला–टाटा मुख्य मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं।

प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं की गई। लोगों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत, ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर व चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है। क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर लोगों में प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।

Reporter | Samachar Post

