Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : जिले के गोमिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने प्रेमी की रिहाई की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिए। जानकारी के अनुसार, ललपनिया पंचायत के तिलैया गांव निवासी सोनी कुमारी गोमिया थाना क्षेत्र के ढेंढे गांव स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। समाचार लिखे जाने तक युवती टावर से नीचे नहीं उतरी थी।
प्रेमी की रिहाई की मांग पर अड़ी
युवती का कहना है कि जब तक उसके प्रेमी को जेल से रिहा नहीं किया जाएगा, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगी। बताया जा रहा है कि चार दिन पहले पुलिस उसे रांची से बरामद कर वापस लाई थी। इसी मामले में संबंधित युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। प्रेमी की गिरफ्तारी से नाराज युवती ने विरोध स्वरूप यह कदम उठाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार युवती को समझाने में जुटे हैं। उसे सुरक्षित नीचे लाने के लिए परिजनों और स्थानीय लोगों की भी मदद ली जा रही है। हालांकि युवती फिलहाल अपनी मांग पर अड़ी हुई है।
यह भी पढ़ें: खाना खाने जा रहे ट्रक चालक को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौत

सुरक्षा के विशेष इंतजाम
किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस ने टावर के आसपास सुरक्षा घेरा बना दिया है। साथ ही हाई वोल्टेज बिजली लाइनों और अन्य संभावित खतरों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

