Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : शहर के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरमा गांव स्थित एनएच-33 के चांदनी चौक पर मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 52 वर्षीय विनेश यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार विनेश यादव मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले के निवासी थे और वर्तमान में अपने परिवार के साथ घाटशिला में रह रहे थे। वे पेशे से ट्रक चालक थे। मंगलवार को वह टाटानगर से माल लेकर घाटशिला गए थे। माल खाली करने के बाद लौटते समय उन्होंने गुरमा के पास सड़क किनारे अपना ट्रक खड़ा किया।
सड़क पार करते समय हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विनेश यादव पास के एक लाइन होटल में खाना खाने के लिए सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में विनेश यादव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: झारखंड में 8 लाख राशन कार्ड रद्द होने की तैयारी, फर्जी लाभुकों से होगी वसूली

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन और उसके चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

