Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी के जगन्नाथपुर क्षेत्र से 19 जून से लापता 16 वर्षीय इंटर प्रथम वर्ष की छात्रा का पता मुंबई में चला है। पुलिस ने तकनीकी जांच के माध्यम से छात्रा की लोकेशन ट्रेस की है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा होने की बात सामने आई है। पुलिस की सूचना के बाद छात्रा के परिजन उसे वापस रांची लाने के लिए मुंबई रवाना हो गए हैं।
तबीयत खराब होने का आवेदन देकर कॉलेज से निकली थी छात्रा
जानकारी के अनुसार छात्रा घटना के दिन रोज की तरह कॉलेज पहुंची थी। लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। जब परिवार के सदस्य कॉलेज पहुंचे और प्रबंधन से जानकारी ली, तो पता चला कि छात्रा ने सुबह करीब 10:09 बजे तबीयत खराब होने का आवेदन देकर छुट्टी ली थी और कॉलेज परिसर से बाहर चली गई थी। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।
तकनीकी जांच में सामने आया मामला
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी टीम की सहायता से छात्रा की तलाश शुरू की। जांच के दौरान उसका मोबाइल लोकेशन मुंबई में मिला। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि छात्रा एक युवक के साथ मुंबई गई है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि मामले की पूरी सच्चाई छात्रा के बयान और आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें: नशा मुक्ति अभियान के तहत सूर्या नर्सिंग कॉलेज ने निकाली जागरूकता रैली

परिजन बेटी को लाने के लिए मुंबई रवाना
लोकेशन की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत परिजनों को सूचित किया। इसके बाद परिवार के सदस्य छात्रा को सुरक्षित वापस लाने के लिए मुंबई रवाना हो गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रा के रांची लौटने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली जाएगी। पुलिस का कहना है कि फिलहाल छात्रा की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। इसके बाद उसके बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया तय की जाएगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

