Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला-खरसावां : जिले के कोलाबिरा के पास सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। जानकारी के अनुसार रापचा निवासी फुलसरी महतो और हाथीटांड़ निवासी शंभू चरण महतो बाइक से कदमा से दुगनी दवा लेने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों सड़क पर गिर गए। हादसे में फुलसरी महतो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शंभू चरण महतो गंभीर रूप से घायल हो गए।
भाग रहे हाइवा चालक को लोगों ने पकड़ा
घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर मौके से भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि स्थानीय लोगों और राहगीरों ने उसका पीछा किया और दुगनी क्षेत्र में वाहन को रोक लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हाइवा को अपने कब्जे में ले लिया। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने मृतका का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन प्रभावित हो गया। ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा, आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की।
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर: एक्सपायरी दवा के आरोप के बाद किशोर की तबीयत बिगड़ी, MGM अस्पताल प्रबंधन पर उठे सवाल

पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन लोगों को समझाने और यातायात बहाल कराने में जुटा हुआ था। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। पिछले 24 घंटे के भीतर यह तीसरी बड़ी सड़क दुर्घटना बताई जा रही है, जिसमें लोगों की जान गई है। नागरिकों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने, भारी वाहनों की गति पर निगरानी बढ़ाने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने की मांग की है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

