Samachar Post रिपोर्टर, लोहरदगा :झारखंड के लोहरदगा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन सगे भाई-बहनों की मौत हो गई। तीनों एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर देर रात तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
यह भी पढ़ें :शादी से दो दिन पहले सांप के डंसने से युवती की मौत, खुशियों वाला घर मातम में बदला
शादी में जाने से पहले फूल लेने निकले थे भाई-बहन
जानकारी के अनुसार, बरवाटोली निवासी रोहित अपनी दो बहनों सपना और सृष्टि के साथ तेली धर्मशाला में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। तीनों स्कूटी से पहले फूल लेने निकले थे और फिर तेली धर्मशाला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कृषि मार्केट के पास पहुंचते ही उनकी स्कूटी सड़क हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि मिशन चौक के पास सेन्हा की ओर से आ रहे बॉक्साइट लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बहनें सपना और सृष्टि की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल रोहित को प्राथमिक उपचार के बाद रांची के रिम्स अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया।
मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम
हादसे से गुस्साए स्थानीय लोगों और परिजनों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने, ट्रक चालक की जल्द गिरफ्तारी और शहर में बॉक्साइट लदे भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण लगाने की मांग की। सड़क जाम देर रात करीब 2 बजे तक जारी रहा। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। फरार चालक की तलाश जारी है।

प्रशासन ने दिया कार्रवाई का भरोसा
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस, अंचल अधिकारी (सीओ) और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। जिस परिवार में शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

Reporter | Samachar Post

