सरायकेला NH-33 पर शराब से लदी पिकअप पलटी, 4.62 लाख की ‘ओल्ड मॉन्क’ नष्ट; ग्रामीणों ने बची बोतलें उठाईं

Meenu | June 21, 2026 | 01:49 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला :झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चौका थाना क्षेत्र के झाबरी काटिन के पास NH-33 पर रविवार सुबह एक शराब से लदी पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन चालक सुरक्षित बच गया, जबकि बड़ी मात्रा में शराब सड़क पर गिरकर नष्ट हो गई। जानकारी के अनुसार, यह पिकअप वैन धनबाद से जमशेदपुर के डिमना स्टॉक यार्ड जा रही थी। इसी दौरान झाबरी काटिन के पास वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गया। वाहन में लगभग 4.62 लाख रुपये मूल्य की ‘ओल्ड मॉन्क’ ब्रांड की शराब लदी हुई थी।

यह भी पढ़ें :जमशेदपुर: दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया युवक डूबा, स्वर्णरेखा नदी में दर्दनाक हादसा

90% शराब नष्ट, बची बोतलें ग्रामीणों ने उठाईं

हादसे में करीब 90 प्रतिशत बोतलें टूटकर नष्ट हो गईं। वहीं, जो कुछ बोतलें सुरक्षित बचीं, उन्हें स्थानीय ग्रामीणों द्वारा उठा लिया गया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। हादसे के कारण NH-33 पर एक तरफ का यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सड़क से टूटी बोतलों और मलबे को हटाया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, यातायात बहाल

सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सड़क की सफाई करवाई और यातायात को फिर से सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वाहन चालक के बयान दर्ज किए गए हैं।

Share this news

संबंधित खबरें