जामताड़ा में वज्रपात का कहर, आम चुनने गए किशोर की इलाज के दौरान मौत, मृतकों की संख्या हुई दो

Rupa Kumari | June 19, 2026 | 11:48 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखंड अंतर्गत अंबा गांव में हुए वज्रपात हादसे में एक और किशोर की मौत हो गई है। आम चुनने के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आए 16 वर्षीय दिनू दास ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। किशोर की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीणों में भी घटना को लेकर गहरा दुख देखा जा रहा है।

आम चुनने के दौरान हुआ था हादसा

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर अचानक मौसम खराब हो गया था। आंधी-तूफान और हल्की बारिश के बीच अंबा गांव के पांच बच्चे एक बागान में आम चुनने गए थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में सभी बच्चे आ गए। हादसे में 13 वर्षीय एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दिनू दास गंभीर रूप से झुलस गया था। अन्य बच्चों को भी चोटें आई थीं।

सिउड़ी सदर अस्पताल में चल रहा था इलाज

घटना के बाद दिनू दास को प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के सिउड़ी सदर अस्पताल रेफर किया गया। परिजनों के अनुसार, अस्पताल में भर्ती होने के बाद से उसकी स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई थी और उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। गुरुवार दोपहर करीब दो बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दिनू दास की मौत की सूचना गांव पहुंचते ही पूरे अंबा गांव में शोक का माहौल बन गया। लगातार दूसरी मौत के बाद ग्रामीण स्तब्ध हैं और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि एक ही घटना में दो बच्चों की जान जाना पूरे क्षेत्र के लिए बेहद दुखद है।

यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव के बाद महागठबंधन में तकरार, कांग्रेस के आरोपों पर राजद का पलटवार

यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव के बाद महागठबंधन में तकरार, कांग्रेस के आरोपों पर राजद का पलटवार

मुआवजे की मांग तेज

घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन और राज्य सरकार से मृतकों के परिजनों को तत्काल मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पीड़ित परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं है, इसलिए सरकार को मानवीय आधार पर जल्द राहत प्रदान करनी चाहिए। फिलहाल पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग इस दर्दनाक हादसे से उबर नहीं पा रहे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें