RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने का आरोपी हाजत से फरार, मांडर में पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

Rupa Kumari | June 18, 2026 | 04:28 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची में आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में गुरुवार को नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला। इस मामले में गिरफ्तार एक आरोपी पुलिस हाजत से फरार हो गया, जिसके बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस की टीम ने मांडर इलाके में उसे घेर लिया, जहां पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी को गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हाजत से फरार होने के बाद मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, पेट्रोल बम हमले के मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान गुरुवार दोपहर एक आरोपी पुलिस हाजत से निकलकर फरार हो गया। आरोपी के भागने की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल कई टीमों का गठन कर उसकी तलाश शुरू कर दी। शहर के विभिन्न इलाकों में नाकेबंदी की गई और संभावित ठिकानों पर छापेमारी अभियान चलाया गया।

मांडर में पुलिस से हुआ आमना-सामना

तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी मांडर क्षेत्र की ओर भागा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को घेरने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने विरोध किया और कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।पुलिस के मुताबिक, आरोपी की ओर से गोलीबारी किए जाने के बाद जवानों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान चली गोली आरोपी को लग गई। घायल आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

यह भी पढ़ें: गोड्डा में मुखिया पर दिनदहाड़े फायरिंग, सिर के ऊपर से गुजरी दो गोलियां, बाल-बाल बचे

मंगलवार रात RSS कार्यालय पर हुआ था हमला

गौरतलब है कि मंगलवार देर रात रांची के निवारणपुर स्थित आरएसएस कार्यालय के बाहर पेट्रोल बम फेंके जाने की घटना हुई थी। बाइक सवार दो युवक कार्यालय परिसर की ओर जलता हुआ पेट्रोल बम फेंककर मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। हालांकि इस हमले में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया था।

CCTV फुटेज से मिले अहम सुराग

घटना की जांच के लिए रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध युवक बाइक पर आते और घटना को अंजाम देकर भागते दिखाई दिए।फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों संदिग्धों की पहचान की और उनकी तलाश तेज कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपियों को रांची से बाहर भागने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उनसे लगातार पूछताछ की जा रही थी ताकि हमले के पीछे की साजिश और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका का पता लगाया जा सके।हालांकि इसी बीच एक आरोपी के हाजत से फरार होने और बाद में मुठभेड़ में घायल होने की घटना ने पूरे मामले को और अधिक चर्चित बना दिया है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे के मकसद समेत सभी पहलुओं की पड़ताल जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें