Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़ : जिले के भदानीनगर ओपी क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब फोरलेन सड़क के किनारे एक खेत में दो युवकों के शव बरामद हुए। घटना बनगड्ढा स्थित फोरलेन के समीप की है। खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने शव देखे तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतकों की पहचान सौंदा डी जयनगर निवासी अमरजीत भुंईया और सोनू कुमार के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। दो युवकों की एक साथ मौत से इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका
घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह सड़क दुर्घटना होती, तो घटनास्थल के आसपास कोई वाहन या दुर्घटना के अन्य निशान मिलने चाहिए थे। लेकिन अब तक किसी वाहन का पता नहीं चल सका है। इसी आधार पर कई लोग मामले को संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका जता रहे हैं। लोगों का कहना है कि दोनों युवकों के शव खेत में मिलने से घटना और भी रहस्यमय हो गई है।
पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे की आशंका
घटना की सूचना पर भदानीनगर थाना प्रभारी अख्तर अली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि दोनों युवक तेज रफ्तार में वाहन चला रहे थे और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 200 मीटर दूर खेत में जा पहुंचा। इस दौरान किसी पेड़ से टकराने के कारण दोनों की मौत हुई हो सकती है। हालांकि पुलिस अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन की तलाश की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: धनबाद में रिटायर्ड ईसीएल कर्मी की सड़क हादसे में मौत, कोयला लदे हाइवा ने स्कूटर को मारी टक्कर

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
पुलिस का कहना है कि फिलहाल सड़क हादसा और हत्या, दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का मानना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों युवकों की मौत दुर्घटना में हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है। फिलहाल इस रहस्यमय घटना ने पूरे इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

