Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत नवडीहा ओपी के चोरगता गांव में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी के कारण मदन चौधरी और उनके परिवार के सदस्य रात में घर की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान चोर घर में घुस गए और अलमारी व बक्सों को खंगाल डाला। सुबह जब परिजन नीचे पहुंचे तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और कीमती सामान गायब था। परिवार के अनुसार चोरी में करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, 50 हजार रुपये नकद, जमीन से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल हैं।
बेटियों की शादी के लिए रखे गए गहने भी चोरी
परिजनों ने बताया कि चोरी हुए जेवरों में घर की बहुओं के आभूषणों के अलावा बेटियों की शादी के लिए वर्षों से संभालकर रखे गए गहने भी शामिल थे। घटना के बाद परिवार सदमे में है। मामले का सबसे अहम पहलू जमीन से जुड़े दस्तावेजों का गायब होना माना जा रहा है। परिजनों का कहना है कि सामान्य चोरी में नकदी और जेवरात निशाना बनते हैं, लेकिन जमीन के कागजात चोरी होना किसी सुनियोजित साजिश की ओर इशारा करता है। परिवार ने दावा किया है कि वर्ष 2007 से कुछ लोगों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। हालांकि जिन लोगों पर संदेह जताया गया है, उनकी संलिप्तता की अभी तक पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।
यह भी पढ़ें: रांची में अवैध बोरिंग पर निगम की सख्ती, 6 इंच बोरिंग पर कार्रवाई; 4 इंच के लिए NOC अनिवार्य

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही नवडीहा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने परिवार और स्थानीय लोगों से पूछताछ की है। नवडीहा ओपी प्रभारी सबिता कुमारी ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल गिरिडीह के चोरगता गांव में इस बड़ी चोरी को लेकर लोगों में चिंता है। पीड़ित परिवार ने चोरी गए जेवर, नकदी और जमीन के दस्तावेजों की बरामदगी तथा दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

