Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखने के लिए उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने देर रात सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान ड्यूटी से अनुपस्थित मिली एक महिला डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनका वेतन अगले आदेश तक रोकने का निर्देश दिया गया।
वार्ड, इमरजेंसी और दवा व्यवस्था की जांच
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल के वार्डों, इमरजेंसी सेवाओं, दवा वितरण व्यवस्था और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से भी सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि मरीजों को समय पर और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं या नहीं।
यह भी पढ़ें: रांची की पलक भगत का भारतीय अंडर-19 टीम में चयन, झारखंड के लिए गौरव का क्षण
ड्यूटी से गायब मिलीं महिला डॉक्टर
निरीक्षण के दौरान महिला चिकित्सक डॉ. प्रतिमा कुमारी ड्यूटी पर मौजूद नहीं मिलीं। अधिकारियों से पूछताछ में जानकारी मिली कि वह कथित तौर पर पहले भी कई बार बिना सूचना अनुपस्थित रह चुकी हैं। इस पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए अस्पताल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट को निर्देश दिया कि डॉक्टर से स्पष्टीकरण मांगा जाए और अगले आदेश तक उनका वेतन रोक दिया जाए।

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों और चिकित्सकों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि मरीजों की सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर ड्यूटी करने का निर्देश दिया गया।
अस्पताल की अन्य व्यवस्थाएं मिलीं संतोषजनक
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और अस्पताल प्रबंधन के कार्यों पर उपायुक्त ने संतोष जताया और संबंधित अधिकारियों तथा कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी जारी रखी जाए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार भी मौजूद रहे।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
