रांची की पलक भगत का भारतीय अंडर-19 टीम में चयन, झारखंड के लिए गौरव का क्षण

Rupa Kumari | June 12, 2026 | 02:16 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड की प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटर पलक भगत का चयन भारतीय अंडर-19 महिला टी20 और वनडे टीम में हुआ है। वह आगामी श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस उपलब्धि से रांची समेत पूरे झारखंड में खुशी और उत्साह का माहौल है। ओरमांझी की रहने वाली पलक भगत अब रांची की पहली अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर बनने की दहलीज पर हैं। इससे पहले रांची को वैश्विक क्रिकेट पहचान दिलाने का श्रेय पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी को जाता है। अब पलक महिला क्रिकेट में झारखंड और रांची का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने के लिए तैयार हैं।

संघर्ष और मेहनत से हासिल की सफलता

मूल रूप से देवघर की रहने वाली पलक बचपन में अपनी मां के साथ रांची आ गई थीं। उनके पिता का साया बचपन में ही उठ गया था, लेकिन उनकी मां ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद बेटी के क्रिकेटर बनने के सपने को टूटने नहीं दिया। सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बीच पलक ने लगातार मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर अपनी पहचान बनाई और राष्ट्रीय टीम में जगह हासिल की।

यह भी पढ़ें: तीसरी शादी करने पहुंचा शख्स, दूसरी पत्नी के विरोध के बाद बिना निकाह लौटी बारात

कोच पंचित महतो का रहा अहम योगदान

पलक की सफलता के पीछे उनके कोच पंचित महतो की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने शुरुआती दौर से ही पलक की प्रतिभा को निखारने का काम किया और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में मदद की। कोच के मार्गदर्शन और पलक की मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।

झारखंड की बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा

खेल विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय अंडर-19 टीम में पलक भगत का चयन झारखंड की युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर छोटे शहरों और साधारण परिवारों से आने वाले खिलाड़ी भी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं। अब क्रिकेट प्रेमियों और खेल जगत की निगाहें श्रीलंका दौरे पर पलक के प्रदर्शन पर टिकी हैं। उम्मीद की जा रही है कि वह भारतीय टीम के लिए शानदार प्रदर्शन कर झारखंड का नाम और ऊंचा करेंगी।

Share this news

संबंधित खबरें