Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले में एक व्यक्ति की तीसरी शादी उस समय रुक गई, जब उसकी दूसरी पत्नी ने थाने पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। मामला बाघमारा थाना क्षेत्र का है, जहां निकाह की तैयारियों के बीच पुलिस के हस्तक्षेप के बाद बारात को बिना निकाह के वापस लौटना पड़ा। जानकारी के अनुसार, हजारीबाग जिले के बरकठा थाना क्षेत्र के बर्मी गांव निवासी मंजूर अंसारी बाघमारा के लुतीपहाड़ी क्षेत्र में तीसरा निकाह करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी दूसरी पत्नी आसमीन परवीन को इसकी जानकारी मिली। आसमीन परवीन ने बाघमारा थाना पहुंचकर पति की तीसरी शादी का विरोध किया और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले में हस्तक्षेप किया।
दूसरी पत्नी ने लगाए तथ्य छिपाने के आरोप
आसमीन परवीन का आरोप है कि वर्ष 2019 में उनका निकाह मंजूर अंसारी के साथ इस्लामिक रीति-रिवाज से हुआ था। उन्होंने कहा कि विवाह के समय उनके परिवार को यह नहीं बताया गया था कि मंजूर अंसारी की पहले से एक पत्नी मौजूद है। उनके मुताबिक, शादी के बाद उन्हें इस बात की जानकारी मिली। जब उन्हें पति के तीसरे निकाह की सूचना मिली तो उन्होंने इसका विरोध करने का फैसला किया और पुलिस से शिकायत की।
यह भी पढ़ें: रांची के गर्ल्स लॉज में दर्दनाक हादसा, करंट लगने के बाद छत से गिरकर छात्रा की मौत
पुलिस हस्तक्षेप के बाद रुका निकाह
पत्नी की शिकायत और मामले की जानकारी सामने आने के बाद तीसरे निकाह की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। बताया जा रहा है कि जिस युवती से निकाह होना था, उसके परिवार को भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और अंततः बारात बिना निकाह संपन्न हुए ही वापस लौट गई।

इलाके में चर्चा का विषय बना मामला
घटना के बाद बाघमारा थाना परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल रहा। तीसरी शादी के प्रयास और दूसरी पत्नी के विरोध की यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले में प्राप्त शिकायत और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
