Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित लोहार कोचा में एक गर्ल्स लॉज में हुए दर्दनाक हादसे में एक छात्रा की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्रा छत पर मौजूद थी, तभी वह कथित रूप से बिजली के करंट की चपेट में आ गई और संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना लोहार कोचा स्थित ‘आयशा गर्ल्स लॉज’ की बताई जा रही है। मृतका पश्चिम बंगाल के आसनसोल की रहने वाली थी और रांची में रहकर पढ़ाई कर रही थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, छात्रा हॉस्टल की छत पर थी। इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गई। करंट का झटका लगने के बाद उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ चुकी थी हालत
घटना के बाद आसपास के लोगों और हॉस्टल प्रबंधन ने तत्काल छात्रा को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छात्रा गंभीर रूप से घायल थी और काफी खून बह चुका था। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।
यह भी पढ़ें: ओलंपियन मनु भाकर के कोच और दिग्गज शूटर जसपाल राणा का निधन, खेल जगत में शोक
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही लालपुर थाना पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि छात्रा किस परिस्थितियों में करंट की चपेट में आई। साथ ही हॉस्टल परिसर में बिजली व्यवस्था, खुले तारों या सुरक्षा संबंधी किसी लापरवाही की भी जांच की जाएगी।

परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस ने घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद हादसे के कारणों की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
