ट्रैक्टर हादसे में दिहाड़ी मजदूर की मौत, दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

Rupa Kumari | June 10, 2026 | 01:08 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जिले के जामताड़ा थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दिहाड़ी मजदूर की मौत हो गई। घटना कटंकी गांव के पास देर रात हुई, जहां एक अनियंत्रित ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में सुपाएडीह निवासी लालटू हेंब्रम की मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे दो बेटियों को छोड़ गया है, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया।

अनियंत्रित ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त

जानकारी के अनुसार, एक खाली ट्रैक्टर कटंकी गांव होते हुए सतशाल की ओर जा रहा था। कटंकी के समीप एक तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रैक्टर सड़क किनारे रखी ईंटों से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर पर सवार लालटू हेंब्रम उछलकर नीचे गिर गए। दुर्घटना के दौरान वह जमीन में गड़े मवेशी बांधने वाले खूंटे से टकरा गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने घायल लालटू हेंब्रम को जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है। लालटू हेंब्रम अपने पीछे दो बेटियों समेत परिवार के अन्य सदस्यों को छोड़ गए हैं। परिजनों ने प्रशासन से सहायता की मांग की है।

यह भी पढ़ें: मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। जिले में हाल के दिनों में ट्रैक्टर से जुड़े सड़क हादसों में बढ़ोतरी देखी गई है, जिसे लेकर स्थानीय लोग चिंता जता रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है।

Share this news

संबंधित खबरें