Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर चल रही राजनीतिक हलचल के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने वरिष्ठ नेता बैजनाथ राम को राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया है। झामुमो की इस घोषणा के साथ ही राज्यसभा चुनाव का राजनीतिक समीकरण और दिलचस्प हो गया है। खास बात यह है कि यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब कांग्रेस की ओर से उम्मीदवार चयन को लेकर मंथन जारी था। बताया जा रहा था कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पार्टी का पक्ष रखने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही झामुमो ने उम्मीदवार के नाम पर मुहर लगा दी।
यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर नहीं जाती विधायकी, बैलेट दिखाना जरूरी लेकिन वोट की स्वतंत्रता बरकरार
झामुमो के फैसले से गरमाई सियासत
बैजनाथ राम को उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इसे झामुमो की ओर से सामाजिक और राजनीतिक संतुलन साधने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि महागठबंधन के अन्य सहयोगी दल, विशेषकर कांग्रेस, इस फैसले पर क्या रुख अपनाते हैं और राज्यसभा चुनाव के लिए आगे क्या रणनीति बनाते हैं। झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए होने वाला चुनाव इस बार काफी रोचक होता नजर आ रहा है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।